
बागेश्वर। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 27 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने जनसुनवाई में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पेयजल, विद्युत, आपदा, पेंशन, राजस्व तथा अन्य विभागों से जुड़े मामलों को सुना गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में अधिकारियों की उपस्थिति और जवाबदेही अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई से पूर्व जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों और लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित मामलों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
