
अल्मोड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ाबांज, धौलादेवी में पर्यावरण संरक्षण और वन परिदृश्य पुनर्स्थापन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई) तथा तकनीकी एजेंसी हिमालयन एक्शन रिसर्च सेंटर (हार्क) देहरादून द्वारा रिकैप फॉर एनडीसी परियोजना के तहत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल, जंगल और जमीन के महत्व से अवगत कराना तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाना था। वक्ताओं ने कहा कि वन केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि जैव विविधता, जल संरक्षण, स्वच्छ वायु, मिट्टी संरक्षण और जलवायु संतुलन का आधार हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त वन क्षेत्रों के पुनर्जीवन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली, निबंध प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पौधरोपण तथा अन्य सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए। प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन हार्क के टीम लीडर जगदंबा प्रसाद और विद्यालय की प्रवक्ता रेखा जोशी ने किया। आईसीएफआरई के सलाहकार मोनिस मलिक ने रिकैप फॉर एनडीसी परियोजना के उद्देश्यों और जलवायु परिवर्तन से निपटने में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में डीएफओ अल्मोड़ा, खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी प्रेमा बिष्ट, उपखंड शिक्षा अधिकारी दीक्षा बेलवाल, प्रधानाचार्य त्रिवेंद्र सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा जीआईजेड, आईयूसीएन, टेरी और वन विभाग के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

