
नई टिहरी(आरएनएस)। मुख्य सचिव के फ्लीट वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी। वहीं एक स्कूटी चालक तेज रफ्तार फ्लीट वाहन से बचने के चक्कर में सड़क किनारे गिर गया। मौके पर लोगों ने हंगामा कर दिया और चालक को गिरफ्तार करने की मांग की। मुख्य सचिव आनंद वर्धन बीती शाम को दो दिनों के टिहरी दौरे पर पहुंचे हैं। उनके साथ उनके फ्लीट वाहन भी पहुंचे हैं। देहरादून से आई पुलिस फ्लीट वाहन का चालक शुक्रवार सुबह अकेले ही नगर क्षेत्र की सड़कों पर निकल पड़ा। तेज रफ्तार वाहन ने बौराड़ी में एक कार को टक्कर मारते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। जबकि एक स्कूटी चालक तेज रफ्तार फ्लीट वाहन से बचने के चक्कर में सड़क किनारे गिर गया। स्थानीय निवासी प्रवीन सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे बीपुरम अपनी ड्यूटी के कार से जा रहे थे। लेकिन तभी पेट्रोल पंप से ठोड़ा नीचे की ओर सामने से आ रहे तेज रफ्तार फ्लीट वाहन से बचने के लिए वह अपनी कार को सड़क के बिल्कुल किनारे ले गए।इसके बावजूद फ्लीट चालक ने उनकी कार को रगड़ मारते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया है। वहीं, स्थानीय निवासी राकेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि वह भी बौराड़ी पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार फ्लीट वाहन से बचने के चक्कर में वह सड़क किनारे गिर गए।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने उक्त वाहन को साईं चौक के पास पकड़ लिया और हंगामा शु़रू कर दिया। जिस पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर काबू पाया। लोगों का आरोप है कि उक्त वाहन का चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।
