
नई दिल्ली (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं, युवाओं और आम लोगों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। नदिया जिले के कल्याणी में आयोजित प्रशासनिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 27 मई से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अन्नपूर्णा योजना’ के फॉर्म जारी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फॉर्म भरने के तुरंत बाद लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
सरकार ने स्कूलों, कॉलेजों और धार्मिक स्थलों के आसपास शराब की दुकानों पर भी सख्ती करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इन स्थानों के एक किलोमीटर दायरे में नई शराब दुकानों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए राज्य सरकार ने विशेष कैंटीनों में सप्ताह में दो दिन पांच रुपये में मछली-चावल उपलब्ध कराने की घोषणा भी की है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से अलग एक स्वतंत्र आयुष विभाग गठित करने का भी ऐलान किया गया।
इधर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का ‘जनता दरबार’ भी चर्चा में बना हुआ है। सोमवार को आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में नौकरी की तलाश कर रहे युवा, शिक्षक, नर्सें और अन्य लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सॉल्ट लेक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं।
कई युवाओं के हाथों में नौकरी से संबंधित फाइलें थीं, जबकि बुजुर्ग नागरिक शिकायतों और दस्तावेजों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहीं महिलाओं ने भी अपनी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
मुख्यमंत्री के पहुंचते ही ‘जय श्री राम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से परिसर गूंज उठा। दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समाधान अब सीधे मुख्यमंत्री स्तर पर हो सकेगा।



