
अल्मोड़ा। डायल 112 पर पत्नी की हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। मामले में द्वाराहाट पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 26 मई की रात कोतवाली द्वाराहाट क्षेत्र के कोराड़ी, बग्वालीपोखर निवासी एक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट के नेतृत्व में बग्वालीपोखर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक थी। पुलिस के अनुसार सुरेश राम पुत्र किशन राम ने डायल 112 पर फर्जी सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया। मौके पर पुलिस ने पति-पत्नी की काउंसलिंग भी की।
बुधवार को सुरेश राम और उनकी पत्नी को कोतवाली द्वाराहाट बुलाया गया, जहां आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग करने के मामले में उसके खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही भविष्य में इस तरह की झूठी सूचना नहीं देने की चेतावनी दी गई।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


