
बागेश्वर। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने निर्माणाधीन पेयजल ट्यूबवेल से केबिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 60 मीटर तांबे की केबिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 26 मई को उत्तराखंड जल संस्थान गरुड़ के कनिष्ठ अभियंता नीरज बिष्ट ने कोतवाली बैजनाथ में तहरीर देकर बताया कि तैलीहाट पेयजल ट्यूबवेल निर्माण कार्य में लगी करीब 60 मीटर तांबे की केबिल 24 मई की रात चोरी हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी थी, क्योंकि पेयजल योजना शीघ्र शुरू होनी थी।
मामले में कोतवाली बैजनाथ में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर गठित टीम ने सुरागरसी और जांच के बाद बुधवार को चार आरोपियों को चोरी की केबिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में बाद में संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में टीटबाजार निवासी कुबेर परिहार, नई बस्ती बिमौला निवासी सूरज थापा, थान डंगोली निवासी अभिषेक खड़का और बरेली निवासी नन्हे शाह शामिल हैं, जो वर्तमान में टीटबाजार क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार नन्हे शाह कबाड़ी का काम करता है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये मूल्य की चोरी की पूरी केबिल बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेश रजवार, अपर उपनिरीक्षक किशन सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार और कांस्टेबल अरुण राठौर शामिल रहे।

