
देहरादून(आरएनएस)। मध्य प्रदेश के रीवा में हुई सड़क दुर्घटना में दो जैन साध्वियों के असामयिक निधन से राजधानी के जैन समाज में भारी आक्रोश है। मंगलवार को भारतीय जैन मिलन क्षेत्र संख्या-14 (देहरादून परिक्षेत्र) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपना रोष व्यक्त किया। समाज के लोगों ने एसडीएम स्मिता परमार के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर देशभर में जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नरेश चंद जैन और क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर डॉ. संजय जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
समाज का कहना है कि रीवा में जैन साध्वियों के पदविहार के दौरान सुरक्षा में भारी चूक हुई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आर्यिका श्रुतमती माताजी और उपशममती माताजी का निधन हो गया। इस दर्दनाक व हृदयविदारक घटना से संपूर्ण जैन समाज स्तब्ध और शोकाकुल है।प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि जैन साधु-संत पूर्णतः अपरिग्रही होते हैं और आजीवन देशभर में पैदल विहार करते हैं। ऐसे में उनके सुरक्षित विहार के लिए तत्काल प्रभाव से कड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही फरार ट्रक चालक और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान मीडिया समन्वयक मधु जैन, संदीप जैन, अंकुर, मनीष, प्रदीप, सुरेश चंद, राजीव, संजीव, अजीत, प्रतीक, पंकज, सुनील, अशोक, प्रीति, अमित, दीप शिखा, अलका और शेफाली जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

