
अल्मोड़ा। रानीखेत फायर स्टेशन की टीम ने सोमवार को विभिन्न स्थानों पर लगी जंगल की आग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फायर विभाग के अनुसार दोपहर 12:55 बजे भड़गांव के पास जंगल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर फायर सर्विस टीम चौबटिया क्षेत्र पहुंची, जहां कॉलर ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा आग बुझा दी गई है। इसके बाद दोपहर 2:25 बजे चौबटिया जंगल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की होज रील से पंपिंग करते हुए और पीट-पीटकर आग को पूरी तरह बुझाया। मौके पर वन विभाग की टीम भी मौजूद रही। दोपहर 3:14 बजे बिस्वा गांव के पास जंगल में आग लगने की सूचना पर फायर यूनिट घटनास्थल पहुंची। टीम ने मिनी हाई प्रेशर होज रील की सहायता से आबादी की ओर बढ़ रही आग को पूरी तरह बुझा दिया। शाम 6:07 बजे चौखुटिया के उदलीखान क्षेत्र में जंगल में आग लगने की सूचना मिली। फायर सर्विस टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में कॉलर ने बताया कि वन विभाग की टीम आग बुझा चुकी है और फायर वाहन की आवश्यकता नहीं है। फायर विभाग ने बताया कि सभी घटनाओं में समय रहते कार्रवाई कर आग को फैलने से रोका गया।

