
रुड़की(आरएनएस)। मंगलौर क्षेत्र की कई छात्राओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र के एक राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) पर पद के दुरुपयोग और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। छात्राओं ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कार्रवाई की मांग की। शिकायत पत्र में छात्रा आरजू फातिमा, मुस्कान, सुहानिया, जैस्मिन, फिरदौस, सानिया, वारिजा समेत अन्य ने आरोप लगाया कि संबंधित पटवारी आय, जाति और अन्य प्रमाण पत्र बनाने के बदले रुपये मांगते हैं। छात्राओं का कहना है कि पटवारी एक विशेष कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से ही आवेदन कराने का दबाव बनाते हैं। यदि कोई छात्रा दूसरे सीएससी सेंटर से आवेदन करती है तो उसका आवेदन निरस्त करने की धमकी दी जाती है। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि आवेदन पत्रों पर अनावश्यक आपत्तियां लगाकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। शिकायत में बताया गया कि पूर्व में एक आय प्रमाण पत्र गलत तरीके से जारी किया गया था, जिसकी जांच में स्वयं पटवारी ने त्रुटि स्वीकार की थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी ने छात्राओं को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
