
देहरादून(आरएनएस)। शहर कोतवाली पुलिस ने दिव्यांग महिला अधिवक्ता को ब्लैकमेल करने, मानसिक उत्पीड़न करने और आत्महत्या की धमकी दे फंसाने के आरोप में केशव थलवाल समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज करने के लिए दिए गए तथ्यों पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता देहरादून जिला न्यायालय में वकालत करती हैं। करीब तीन माह पूर्व उनका संपर्क जागो उत्तराखंड नाम के फेसबुक पेज के संचालक केशव थलवाल से हुआ। पीड़िता ने अपने पड़ोसी से आ रही समस्या पर उससे संपर्क किया। तब आरोपी ने खुद को प्रताड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर बताकर पीड़िता की सहानुभूति बटोरी। इसके बाद उसने अलग-अलग समय पर गूगल पे और नकद के माध्यम से 25 हजार रुपये से अधिक की रकम ले ली। जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगे तो उसने अपना सामाजिक रसूख दिखाते हुए पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि पैसे हड़पने के बाद केशव ने पीड़िता पर गर्लफ्रेंड बनने, शादी करने और अपने सभी मुकदमे मुफ्त में लड़ने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसकी छवि खराब करने, फर्जी तरीके से बदनाम करने और अपने सुसाइड नोट में उसका नाम लिखकर आत्महत्या करने की गंभीर धमकियां दीं। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब बीते तीन मई की रात आरोपी के दोस्त त्रिलोक नकोटी ने पीड़िता को कॉल किया। त्रिलोक ने डराया कि केशव ने आत्महत्या का प्रयास किया है और वह अस्पताल में भर्ती है। उसने धमकी दी कि यदि पीड़िता ने केशव की बात नहीं मानी तो मीडिया और सोशल मीडिया पर इस घटना का पूरा दोष पीड़िता पर डालकर उसका सामाजिक व पेशेवर जीवन बर्बाद कर दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव से परेशान होकर पीड़िता ने को पुलिस तहरीर दी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केशव थलवाल निवासी कुराण, पट्टी ओण, लंबगांव जिला टिहरी और त्रिलोक निकोटी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

