

अल्मोड़ा। एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जनपद पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमेश्वर पुलिस ने चाय की दुकान में अवैध रूप से शराब परोसते एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सोमवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी के नेतृत्व में चौपाता क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान गिरीश चंद्र लोहनी निवासी सोमेश्वर अपनी चाय की दुकान में अवैध रूप से शराब पिलाते और बेचते हुए पाया गया। पुलिस ने मौके से देशी और अंग्रेजी शराब के खाली अद्दे और पव्वे, माल्टा मसालेदार देशी शराब के तीन पाउच, आधा भरा मैकडोवेल व्हिस्की का पव्वा तथा दो डिस्पोजल गिलास बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह और होमगार्ड दिपेश सिंह शामिल रहे।

