
हरिद्वार(आरएनएस)। धर्मनगरी हरिद्वार में ऑनलाइन माध्यम से मांसाहारी खाद्य पदार्थों और नशीले सामानों की होम डिलीवरी पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। मंगलवार को श्री अखंड परशुराम अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने रोशनाबाद स्थित जिलाधिकारी मयूर दीक्षित कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। संतों ने हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में लागू 1916 के म्युनिसिपल बायलॉज का सख्ती से पालन कराने और ऑनलाइन कंपनियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई है। अखाड़े के अध्यक्ष अधीर कौशिक के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि विभिन्न ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों के माध्यम से नगर क्षेत्र में खुलेआम मांसाहारी खाद्य पदार्थों और अन्य नशीले सामानों की होम डिलीवरी की जा रही है।
इससे हरिद्वार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रभावित हो रही है और संत समाज व श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। ज्ञापन में ऑनलाइन कंपनी को नगर निगम द्वारा दिए गए नोटिस को नाकाफी बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। अधीर कौशिक ने कहा कि यदि आश्रमों, घाटों और धार्मिक स्थलों तक मांसाहारी सामग्री की डिलीवरी जारी रही तो इससे धर्मनगरी की पवित्र छवि प्रभावित होगी। संत कार्तिक गिरी ने प्रशासन से नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

