
अल्मोड़ा। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमेश्वर और लमगड़ा पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाकर दो वाहनों से काली फिल्म हटवाई और चालानी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार रविवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी और थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में अलग-अलग क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दो कारों में नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म को मौके पर हटवाया गया। साथ ही संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को बताया कि वाहनों में काली फिल्म लगाना यातायात नियमों का उल्लंघन है और इससे सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि काली फिल्म लगे वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

