

अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को विकास भवन सभागार में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के साथ सहकारिता, उच्च शिक्षा और विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति और आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में एक आदर्श सहकारिता गांव विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को मजबूत बनाया जाए और कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से अधिक से अधिक सेवाएं लोगों तक पहुंचाई जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने और सहकारिता समितियों को सक्रिय बनाने को कहा। साथ ही बताया कि सहकारिता विभाग को शत-प्रतिशत कंप्यूटरीकृत किया जाएगा तथा किसानों को समृद्धि कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए डॉ. रावत ने विद्यालयों की आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया। उन्होंने जर्जर और मरम्मत योग्य विद्यालय भवनों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्तापरक शिक्षा, शिक्षण स्तर में सुधार और विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
कैबिनेट मंत्री ने प्रत्येक विकासखंड में एक आवासीय विद्यालय स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम होगा।
उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में प्रतिवर्ष प्रवेशोत्सव आयोजित करने और जनपद के प्रमुख अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को एक-एक विद्यालय गोद देने की बात भी कही, ताकि विद्यालयों के प्रदर्शन में सुधार हो सके।
बैठक में विधायक मनोज तिवारी, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित विभिन्न जनपदों के अधिकारी मौजूद रहे।

