

बागेश्वर। तहसील रोड पर सोमवार को नशे में धुत एक बाइक सवार ने स्कूल से बच्चे को लेकर लौट रही महिला को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक चालक सामने से आ रही कार से भी जा भिड़ा। हादसे में महिला घायल हो गई, जबकि बाइक चालक की नाक से रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस के अनुसार बाइक संख्या यूके02-एके-0139 का चालक तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इस दौरान उसने तहसील रोड निवासी दीपा देवी को टक्कर मार दी। हादसे के समय महिला अपने बच्चे को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। दुर्घटना में उनके हाथ में चोट आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला को टक्कर मारने के बाद बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गया। हादसे में कार के दाहिने हिस्से को भी नुकसान पहुंचा। इसी दौरान बाइक चालक के बैग से शराब की बोतल सड़क पर गिर गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि बाइक चालक वाहन छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया।
कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी बाइक चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बाइक सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

