

अल्मोड़ा। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जनपद पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त समाज की स्थापना करना है।
इसी क्रम में अल्मोड़ा पुलिस ने ‘नारकोटिक्स अनोनिमस’ और ‘एल्कोहल अनोनिमस’ के सहयोग से जनपद स्तरीय नशा जागरूकता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। यह अभियान 12 मई से 14 मई तक आयोजित किया जाएगा।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, होटल एसोसिएशन, रेड क्रॉस सोसाइटी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, स्थानीय मीडिया और पुलिस कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा तथा जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया जाएगा।


