

देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड सरकार ने सभी राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी है। अब उपभोक्ता घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए सरकार ने मेरा केवाईसी नामक ऐप जारी किया है, जिसके माध्यम से आधार और ओटीपी के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन किया जा सकता है। पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने बताया कि केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिलों में शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराई जाएगी। राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी अनिवार्य होगी। इसके लिए आधार नंबर और उससे जुड़ा मोबाइल नंबर आवश्यक है, जिस पर ओटीपी भेजा जाएगा।
प्रक्रिया इस प्रकार है:
-गूगल प्ले स्टोर या एप स्टोर से मेरा केवाईसी ऐप डाउनलोड करें।
-साथ ही आधारफेसआरडी ऐप भी इंस्टॉल करें।
-ऐप में लॉगिन कर ‘Select State’ में उत्तराखंड चुनें।
-स्थान सत्यापन पर क्लिक कर 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें।
-मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करें।
-फेस ऑथेंटिकेशन के लिए कैमरा ऑन कर आंखें झपकाकर सत्यापन पूरा करें।
फेस ऑथेंटिकेशन के लिए स्मार्टफोन का कैमरा अच्छी गुणवत्ता का होना चाहिए और इंटरनेट कनेक्टिविटी भी मजबूत होनी चाहिए।
जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में कठिनाई हो रही है, वे नजदीकी जनसेवा केंद्र या राशन की दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि सभी राशन कार्ड धारक समय पर ई-केवाईसी पूरी करें ताकि फ्री राशन वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह पहल न केवल प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगी बल्कि आम जनता तक डिजिटल सेवाओं को सरलता से पहुंचाने में भी मदद करेगी।


