

अल्मोड़ा। फायर सीजन को देखते हुए जिले में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में फर्स्ट रिस्पॉन्स कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को आपदा एवं अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेन्द्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में अग्निशमन अधिकारी रानीखेत गणेश चंद्र ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। फायर टीम ने प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक बचाव और सुरक्षित रेस्पॉन्स के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही व्यावहारिक प्रदर्शन कर छात्र-छात्राओं को आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के तरीके समझाए गए। कार्यक्रम में एसडीआरएफ, चिकित्सा विभाग और आरटीओ विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

