
अल्मोड़ा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमेश्वर क्षेत्र में कार्रवाई की। मंगलवार को चेकिंग अभियान के दौरान एक टैक्सी चालक को ओवरलोडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा/यातायात बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी टीम के साथ क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टैक्सी चालक नीरज सिंह निवासी सोमेश्वर को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर, छत पर भी यात्रियों को ले जाते हुए और नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की और वाहन को सीज कर दिया। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

