
अल्मोड़ा। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब और बियर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल की रात कोतवाली क्षेत्र में क्वारब रोड पर लोधिया की ओर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मस्जिद से करीब 200 मीटर आगे एक अल्टो कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन चालक अक्षत सिंह बिरोड़िया के कब्जे से 9 पेटी अंग्रेजी शराब (108 बोतल) और 8 पेटी बियर (192 कैन) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। बरामद शराब की कीमत करीब 1 लाख 8 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी अक्षत सिंह बिरोड़िया (25) पुत्र सर्वजीत सिंह बिरोड़िया निवासी ग्राम बिरोड़ा, थाना व जिला अल्मोड़ा का रहने वाला है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह परिहार, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, कांस्टेबल सुन्दर लाल और कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे।

