
चमोली। नगर क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके नाम पर ठगी कर ली। ठगों ने युवक के व्हाट्सएप का दुरुपयोग कर उसके परिचितों से पैसे मंगवा लिए।
जानकारी के अनुसार युवक के व्हाट्सएप पर चार अक्षरों का एक कोड आया, जिसे उसने अपडेट समझकर क्लिक कर दिया। इसके बाद उसका फोन हैक हो गया और व्हाट्सएप काम करना बंद कर दिया।
ठगों ने युवक के व्हाट्सएप से जुड़े लोगों को संदेश भेजकर दुर्घटना का बहाना बनाया और मदद के नाम पर पैसे मांगने लगे। कुछ लोगों ने क्यूआर कोड के माध्यम से करीब 24 हजार रुपये भी ट्रांसफर कर दिए।
मामले की जानकारी मिलने पर युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और अपने व्हाट्सएप की सुरक्षा सेटिंग्स को अपडेट किया।
थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कोड या लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

