
कोटद्वार(आरएनएस)। नगर के विभिन्न संगठनों ने लैंसडौन महोत्सव के लिए सरकार से बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन भेजा है। विभिन्न संगठनों व होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि लैंसडौन पर्यटन का महत्वपूर्ण स्थान है। पर्यटन विभाग की ओर से पूर्व में पर्यटकों को उत्तराखंड की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए लैंसडौन महोत्सव का आयोजन होता रहा है। महोत्सव का आयोजन वर्ष 2002 तक निर्बाध रूप से आयोजित होता रहा है। वर्ष 2015 से वर्ष 2017 तक छावनी परिषद द्वारा पर्यटकों के आकर्षण के लिए लैंसडौन महोत्सव का आयोजन हुआ लेकिन इसके बाद आयोजन ठप हो गया। राज्य सरकार व पर्यटन विभाग के सौजन्य से सभी पर्यटन स्थलों में पर्यटकों को राज्य की संस्कृति से परिचित कराने व यहां के खानपान से अवगत कराने के लिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं लेकिन लैंसडौन को ऐसे आयोजन से वंचित किया गया है। ज्ञापन भेजने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता हितेश शर्मा, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सतीजा, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, होटल एसोसिएशन जीएम ग्रुप के अध्यक्ष सक्षम खंडेलवाल, भाजपा के वरिष्ठ सदस्य दिगंबर नेगी, स्वर संस्था की सचिव लता खंडेलवाल शामिल रहे।

