
अल्मोड़ा। कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट ने मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में देश और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बढ़ते महिला अपराध चिंता का विषय बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म, यौन शोषण और महिला उत्पीड़न के मामलों में वृद्धि हो रही है, लेकिन इन पर केंद्र और राज्य सरकारें कोई ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई करती नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को भी आम जनता पर भारी बताते हुए कहा कि गैस के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं, जिससे घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक सिलेंडरों की उपलब्धता में कमी से होटल, कैटरिंग और छोटे ढाबा संचालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई छोटे प्रतिष्ठान बंद होने की कगार पर हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी और रुद्रपुर नर्स हत्याकांड जैसे मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं और सरकार के दावों के विपरीत जमीनी हकीकत अलग है। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि शिक्षित युवा रोजगार के अभाव में पलायन को मजबूर हैं। सरकारी नौकरियों की कमी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर रही हैं। पत्रकार वार्ता में शोभा जोशी, प्रीति बिष्ट, जय जोशी, लीला जोशी और तारा तिवारी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।


