
हरिद्वार (आरएनएस)। रानीपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम स्मैक, 900 रुपये नकद और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद की गई है। बरामद स्मैक की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार सुमननगर चौकी क्षेत्र में कृपालनगर से सिडकुल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से स्मैक और नकदी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि उसकी बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सिडकुल क्षेत्र से स्मैक लाकर उसकी बिक्री करता था और तस्करी के लिए प्रयुक्त बाइक भी उसे सप्लायर ने उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब मामले में शामिल सप्लायर की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

