
अल्मोड़ा। कृषि विज्ञान केंद्र काफलीगैर, बागेश्वर में उन्नत तकनीक के माध्यम से विभिन्न सब्जी फसलों की स्वस्थ पौध तैयार की जा रही है। यह कार्य संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के निर्देशन और विभागाध्यक्ष डॉ. निर्मल हेडाऊ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। केंद्र में बैंगन, टमाटर, शिमला मिर्च, बंदगोभी, फूलगोभी, ब्रोकोली और प्याज जैसी फसलों की उन्नत किस्मों की पौध बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है। तैयार पौध को विभागीय परियोजनाओं के तहत बागेश्वर के साथ-साथ पौड़ी गढ़वाल और अल्मोड़ा सहित अन्य जनपदों के किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। इस वर्ष केंद्र द्वारा लगभग 15 लाख पौध तैयार कर चयनित किसानों को उपलब्ध कराई गई है। इससे सब्जी उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में वृद्धि होने की उम्मीद जताई गई है। किसानों की मांग को देखते हुए पॉलीहाउस और खुले क्षेत्रों में पौध तैयार की जा रही है। उन्नत ‘प्रो ट्रे’ तकनीक के तहत कोकोपिट, नीम खली और वर्मीकम्पोस्ट का उपयोग कर पौध तैयार की जा रही है, जिससे पौधे स्वस्थ और खरपतवार मुक्त बनते हैं। केंद्र द्वारा परियोजनाओं के अलावा अन्य किसानों और गैर सरकारी संगठनों को भी कम दरों पर पौध उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इस पहल से कृषि उत्पादन के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होने की संभावना है।

