
अल्मोड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की अल्मोड़ा इकाई ने विद्यार्थियों की लंबित मांगों को लेकर कॉलेज परिसर में मुख्य पार्किंग गेट बंद कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिषद का कहना है कि लंबे समय से विभिन्न समस्याओं को लेकर उठाई जा रही मांगों पर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान परिषद ने शिक्षक भर्ती में अतिथि शिक्षकों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रावधान, शैक्षणिक अव्यवस्था, परीक्षा प्रणाली में सुधार, पुस्तकालय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, जर्जर आधारभूत ढांचे के पुनर्निर्माण, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा सेल्फ फाइनेंस शिक्षक भर्ती से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। परिषद ने चेतावनी दी कि इन मुद्दों पर अब और चुप नहीं बैठा जाएगा। नगर मंत्री रोहित कुमल्टा ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता अब सहन से बाहर हो चुकी है और यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर व्यापक आंदोलन, ताला बंदी और सड़क जाम जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और विश्वविद्यालय की होगी। प्रदर्शन में रोहित कुमल्टा, दीपक लोहनी, दीपक राठौर, कृष्णा कार्की, ऋतिक नेगी, भास्कर जोशी, निखिल उप्रेती, लक्ष्मी रानी, निशु, वंदना गोस्वामी, पंकज कुमार, लकी जोशी, प्रवीण, मयंक धामी, दयाल कोरंगा, दीप, पवन लाल साह, प्रिया पांडेय, अभय बोरा, नेहा जोशी, मनीषा गोस्वामी, प्रिया एरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

