
रुद्रपुर। पीलीभीत निवासी एक महिला ने अपने सौतेले पिता पर ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2017 में उसके पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने नानकमत्ता क्षेत्र के एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। मां के निधन के बाद वह सौतेले पिता के साथ रहने लगी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने डर का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। वर्ष 2021 में उसने पीलीभीत के एक युवक से प्रेम विवाह किया, लेकिन बदनामी के डर से उसने यह बात किसी को नहीं बताई। जनवरी 2026 में पति की मृत्यु के बाद आरोपी फिर उसके संपर्क में आया और ससुराल पहुंचकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं तथा लगातार मोबाइल पर संदेश भेजकर परेशान करता रहा।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में उसे नुकसान पहुंचा सकता है। कोतवाली पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

