
नई टिहरी (आरएनएस)। थौलधार ब्लॉक की नगुण पट्टी स्थित विकोल गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव तक पहुंचने के लिए लोगों को करीब तीन किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि पांच किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से लंबित है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2017 से वे इस समस्या को लेकर विधायक, लोक निर्माण विभाग, मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण को स्वीकृति नहीं मिल पाई है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
थौलधार के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख गुलाब सिंह बरवाण ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि लगभग 1200 की आबादी वाला विकोल गांव बुनियादी सुविधा सड़क से वंचित है। उन्होंने कहा कि सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को बीमार मरीजों को कंडी के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता है, वहीं रोजमर्रा के सामान की ढुलाई भी बेहद कठिन हो जाती है।
उन्होंने बताया कि गांव में तीन प्राथमिक विद्यालय, एक उच्च प्राथमिक विद्यालय और तीन आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, लेकिन अधिक पैदल दूरी होने के कारण शिक्षक और कर्मचारी भी वहां जाने से कतराते हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि थौलधार ब्लॉक के उनियाल गांव से विकोल तक पांच किलोमीटर सड़क निर्माण को शीघ्र स्वीकृति नहीं दी गई, तो छह अप्रैल को नगुण-भवान-अलमस मोटर मार्ग पर चक्का जाम कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

