
पिथौरागढ़ (आरएनएस)। 130 पर्यावरण बटालियन के प्रस्तावित विस्थापन के विरोध में पूर्व सैनिकों का धरना 32वें दिन भी जारी रहा। गुरुवार को कुमाऊं स्काउट के पूर्व सैनिकों और सीनियर सिटीजन संगठन के पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। पूर्व सैनिक संगठन के उपाध्यक्ष रमेश सिंह महर ने कहा कि बड़े-बड़े नेता केवल बयानबाजी तक सीमित हैं और जनपद के वास्तविक मुद्दों से दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद की धरोहरों और सैन्य पहचान को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का समय आने पर करारा जवाब दिया जाएगा। पूर्व सैनिकों ने सरकार के प्रति उदासीन और उपेक्षापूर्ण रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि नीतियों से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत होली जैसे बड़े पर्व का त्याग किया गया और अब नवरात्रि के दौरान भी धरना जारी रखने को मजबूर हैं। धरने में कैप्टन (सेवानिवृत्त) चंद्र सिंह ऐर, गोपाल सिंह, लक्ष्मी दत्त, महेश पांडेय, सुरेंद्र कोरंगा, विक्रम सिंह, भूपाल सिंह, देवाकर बोहरा, देवी दत्त, सीनियर सिटीजन संगठन के उपाध्यक्ष राजेंद्र खनका सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।


