नई दिल्ली (आरएनएस)। लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ‘पैरेंट मैनेज्ड अकाउंट’ नाम के फीचर पर काम कर रही है, जिसका उद्देश्य बच्चों के लिए प्लेटफॉर्म को अधिक सुरक्षित बनाना है।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह फीचर खास तौर पर 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके तहत बच्चों का व्हाट्सएप अकाउंट उनके माता-पिता के अकाउंट से लिंक रहेगा, जिससे माता-पिता बच्चों की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।
इस फीचर के जरिए माता-पिता को कई तरह के नियंत्रण मिलेंगे। वे तय कर सकेंगे कि बच्चे को कौन मैसेज भेज सकता है, किन लोगों को उसकी संपर्क सूची में जोड़ा जा सकता है और उसे किन समूहों में शामिल किया जा सकता है। इसका उद्देश्य बच्चों को अनजान लोगों के संपर्क से बचाते हुए सुरक्षित तरीके से मैसेजिंग की सुविधा देना है।
रिपोर्ट के मुताबिक बच्चों के अकाउंट पर कुछ पाबंदियां भी लगाई जाएंगी। उन्हें ऐप के कुछ उन्नत फीचर्स इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। इनमें स्टेटस अपडेट, चैनल्स और कुछ अन्य सुविधाएं शामिल नहीं होंगी।
इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी जोड़ी जा सकती है। यदि किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति से संदेश आता है तो उसे अलग फोल्डर में भेज दिया जाएगा। माता-पिता इन संदेशों को देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति को ब्लॉक भी कर पाएंगे।
कंपनी इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से शुरू कर सकती है और आने वाले महीनों में इसे अलग-अलग देशों में उपलब्ध कराया जा सकता है।


