
अल्मोड़ा। मल्ला सालम क्षेत्र के ग्राम झालडुंगरा में इंद्रसिंह-आनसिंह स्मृति सार्वजनिक न्यास की ओर से ग्रामीण विकास गोष्ठी और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ‘गांव से पलायन : कारण एवं निदान’ विषय पर वक्ताओं ने विचार रखते हुए पलायन की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि सरकारी शिक्षा की बदहाल स्थिति और लगातार घटती छात्र संख्या के कारण स्कूल बंद हो रहे हैं, जिससे गांवों से पलायन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बंजर होती खेती और खाली होते गांवों पर भी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं का कहना था कि पलायन रोकने के लिए भूमि चकबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करना और सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए गोविन्द लाल वर्मा, गोविन्द सिंह महरा और दौलत सिंह रावत को राम सिंह धौनी सम्मान प्रदान किया गया, जबकि मोहन चंद्र जोशी और बची सिंह बगड्वाल को आनसिंह रावत सम्मान से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह महरा ने कहा कि गांवों के विकास के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी. सी. तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहन चंद्र जोशी ने की, जबकि संचालन हयात सिंह रावत ने किया। इस दौरान सूचना विभाग की ओर से आई सांस्कृतिक टीमों ‘जै नंदा लोक कला केंद्र’ और पूरन बोरा एवं साथियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। गोष्ठी में ग्राम प्रधान विमला आर्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य कलावती बगड्वाल, गोपाल सिंह रावत, चन्दन बगड्वाल, रणजीत सिंह रावत, पान सिंह गैड़ा, राजेंद्र नाथ गोस्वामी, दीपक आर्य, पूरन सिंह बगड्वाल सहित अन्य मौजूद रहे।

