
रुद्रपुर(आरएनएस)। पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार को एसएसपी अजय गणपति के निर्देश में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया। परेड के दौरान अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और मुस्तैदी पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट, वर्दी की साज-सज्जा, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसके बाद ड्रिल एवं स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया। शस्त्राभ्यास के माध्यम से जवानों की शस्त्र संचालन क्षमता और आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की तैयारी को भी परखा गया। अधिकारियों ने आवश्यक सुधार के लिए मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए। परेड समाप्ति के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर बैरकों, भोजनालय, शस्त्रागार और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि नियमित साप्ताहिक परेड से पुलिस बल में अनुशासन, फिटनेस और कर्तव्यनिष्ठा सुदृढ़ होती है, जो जिले में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

