हल्द्वानी(आरएनएस)। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया। राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि विद्यालय का नाम परिवर्तन सरकार स्तर का निर्णय होता है और अधिकारी केवल विधिसम्मत आदेशों का पालन करते हैं। ऐसे में जनसेवा में लगे अधिकारियों पर हमला करना निंदनीय और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में यदि अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। कांग्रेस के वक्ताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में बढ़ती हिंसक घटनाएं प्रशासनिक मनोबल को कमजोर कर रही हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और दबाव की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोरतम कानूनी कार्रवाई जरूरी है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी को सौंपा। पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे, मोहन बिष्ट, पार्षद भागीरथी बिष्ट, नीमा भट्ट, मुकुल बलुटिया आदि उपस्थित रहे।
