
अल्मोड़ा। जिले में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ के तहत पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाते हुए कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले भर में किरायेदारों, बाहरी मजदूरों और फड़-फेरी करने वालों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 और 24 फरवरी को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 169 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर 45 लोगों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को किरायेदार रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि बिना सत्यापन के किरायेदार रखने पर संबंधित के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



