
अल्मोड़ा। जनपद में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत सल्ट थाना पुलिस ने स्कूली बच्चों को विभिन्न सुरक्षा और कानून से जुड़े विषयों पर जानकारी देकर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्त अभियान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े पहलुओं के बारे में बताया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के के निर्देश पर जिलेभर में स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बच्चों को महिला एवं बाल अपराध, डिजिटल ठगी, नए आपराधिक कानूनों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही मानव तस्करी और गौर शक्ति ऐप के उपयोग के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीम ने बच्चों को डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपदा हेल्पलाइन 1070 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में इनके उपयोग के प्रति जागरूक किया।

