
कोटद्वार(आरएनएस)। सतपुली थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान रविवार शाम देवप्रयाग रोड पर अवैध रूप से लकड़ी भरकर ले जा रहे एक ट्रक को रोक लिया। अवैध लकड़ी की पुष्टि होने पर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। लकड़ी से लदे ट्रक को सीज कर दिया गया है। ट्रक से बरामद लकड़ी का बाजार मूल्य करीब दो लाख रुपये आंका गया है। सतपुली थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में थाना सतपुली पुलिस टीम द्वारा रविवार शाम को देवप्रयाग रोड पर सघन एवं प्रभावी वाहन चेकिंग की गई। दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रोककर उसकी जांच की। जांच के दौरान उक्त वाहन लकड़ी से लदा हुआ पाया गया। वाहन चालक से परिवहन की जा रही लकड़ी के संबंध में वैध पत्र एवं विभागीय अनुमति दिखाने के लिए कहा गया, जिस पर चालक मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। प्रथम दृष्टया लकड़ी का परिवहन अवैध पाए जाने पर पुलिस टीम ने लकड़ी से लदे ट्रक को सीज कर दिया। रुड़की जिला हरिद्वार निवासी ट्रक चालक हसन अली को गिरफ्तार कर उसके संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार के अलावा हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह, होमगार्ड देवेंद्र सिंह शामिल रहे।

