
देहरादून(आरएनएस)। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब मरीजों को अलग-अलग जांचों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और न ही ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। निदेशालय के निर्देश पर अस्पताल में पहली बार ‘हेल्थ चेकअप पैकेज’ सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके तहत महज 610 रुपये में मिनी हेल्थ चेकअप और 971 रुपये में बुखार की पूरी कुंडली (प्रोफाइल) जांची जा सकेगी। वहीं 828 रुपये में दिल की सभी जांचें होगी और 2009 रुपये में कंपलीट हेल्थ चैकअप होगा। निजी लैबों से यहां पर पैकेज में जांच तीन गुना तक सस्ती हो जाएगी। चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य के निर्देशों पर शुक्रवार को अस्पताल में इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पंजीकरण प्रभारी विनोद नैनवाल ने सभी 17 पैकेजों को बिलिंग सिस्टम में अपडेट और दरें निकाल दी है। एमएस ने सीपीआरओ महेंद्र भंडारी, पंजीकरण प्रभारी विनोद नैनवाल और आयुष्मान समन्वयक दिनेश रावत को निर्देश दिए हैं कि वे जल्द से जल्द इसके लिए अलग कक्ष, पंजीकरण और बिलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। लैब से समन्वय बनाकर तकनीशियनों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया है। एक सप्ताह में मिलेगी सुविधा अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य है कि एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और सचिव डॉ. सचिन कुर्वे के हाथों इस योजना का विधिवत शुभारंभ कराया जाए, ताकि आम जनता को सस्ती दरों पर उच्च स्तरीय जांच सुविधा का लाभ मिल सके।

