
नैनीताल(आरएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को गरमपानी मंडल के गरमपानी खंड और रातीघाट में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया गया। दोनों जगह कलश यात्राएं निकालीं गईं। इस दौरान वक्ताओं ने सामाजिक एकता, संगठन की शक्ति और राष्ट्रहित में सक्रिय सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। गरमपानी का सम्मेलन श्री कैंची धाम तहसील परिसर में जिला बौद्धिक प्रमुख मनोहर के निर्देशन में हुआ। इससे पूर्व सोमवारी महाराज मंदिर खैरना से महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली, जो तहसील परिसर पहुंची। महिला सभागार में दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय की छात्राओं ने वंदना एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य वक्ता वैदिक प्रचारक संस्थान हरिद्वार की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रगति जैन, प्रांत विद्यार्थी प्रमुख शील निधि और दुर्गादत्त त्रिपाठी शास्त्री रहे। अंत में क्षेत्र के लोहार, सेवानिवृत्त सैनिकों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं व महिलाओं को सम्मानित किया गया। यहां मदन मोहन कैड़ा, प्रदेश गो सेवा प्रमुख दीप रेखाड़ी, प्राचार्य विनोद, कार्यक्रम संयोजक दीपक पांडेय, विधायक सरिता आर्या, हेम आर्या रहे। इधर, रातीघाट स्थित शहीद संजय सिंह बिष्ट जीआईसी में जिला सह खंड कार्यवाह दिनेश रावत की देखरेख में सम्मेलन हुआ। सागर रेस्टोरेंट से कलश यात्रा शुरू होकर रातीघाट बाजार, पुल और घुना क्षेत्र से होते हुए कॉलेज परिसर पहुंची। कार्यकर्ताओं ने सुंदरकांड पाठ किया। केशव महाराज, अमित, संयोजक देव सिंह भंडारी, नीरज बिष्ट, कन्नू गोस्वामी, बालम पिनारी, उषा पिनारी, प्रधानाचार्य मोनिका, विधायक सरिता आर्या, दर्जाधारी दिनेश आर्य, लोकेश पालीवाल आदि रहे।

