
रुडक़ी। सोलानी पार्क के पास युवती से दो बदमाशों ने फोन छीन लिया। शोर शराबा होने पर एक बदमाश को लोगों ने घेर घोटकर पकड़ लिया। जबकि दूसरा मौके से भाग गया। पकड़े गए बदमाश से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। पीडि़ता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की सोलानीपुरम निवासी पूजा बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे सोलानी पार्क से होते हुए घर लौट रही थी। इस बीच पीछे से आए दो बदमाशों ने फोन छीन लिया। शोर मचाने पर लोग एकत्र हो गए और वह बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। घेराबंदी कर लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि दूसरा वहां से फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश कि लोगों ने जमकर धुनाई की और सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए बदमाश को पूछताछ के लिए कोतवाली लेकर आई। हालांकि पकड़े गए बदमाश से फोन बरामद नहीं हो पाया है। पिछले सप्ताह भी लेखानगर लालकुर्ती निवासी राखी जोशी की बाइक सवार बदमाशों ने चेन झपटी ली थी। पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया था। अभी तक झपट्टामारों के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि मौके पर पकड़े गए रुडक़ी निवासी आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जबकि जो आरोपी फरार हुआ, उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।

