

हरिद्वार(आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 12 अक्तूबर को हरिद्वार में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक प्रस्तावित है। कुंभ मेले की तैयारियों के बीच होने वाली इस बैठक में मेले से जुड़े विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर अहम फैसले होने की उम्मीद है। धामी कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को सीसीआर में बैठक होगी, इसमें बाद मंत्रिमंडल में शामिल मंत्री हरकी पैड़ी पर गंगा आरती भी कर सकते है। हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले को लेकर विभिन्न विभागों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। सड़क, पेयजल, सीवर, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने पर जोर है। ऐसे में कैबिनेट की बैठक को कुंभ की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में कुंभ से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और इसमें लिए जाने वाले निर्णयों की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही प्रस्तावित फैसलों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक का आयोजन महत्वपूर्ण है। कुंभ मेले की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बैठक के मद्देनजर प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी की जा रही है।



