
पौड़ी(आरएनएस)। शनिवार को घोषित हुए उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में पौड़ी जिले से हाईस्कूल परीक्षा में 16 जबकि इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में 15 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने में सफलता हासिल की। उत्तराखंड बोर्ड की दोनों परीक्षाओं में हालांकि पौड़ी मुख्यालय के स्कूलों ने इस बार निराश भी किया है। दोनों ही परीक्षाओं में इस बार जिले के श्रीनगर और कोटद्वार के स्कूलों के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी नार्गेद्र बर्त्वाल ने बताया कि पौड़ी जिले से हाईस्कूल में 6517 छात्रों ने परीक्षा दी। इसमें से 6413 ने परीक्षा पास की। हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 89.7 फीसदी रहा। इस परीक्षा में प्रथम श्रेणी से 846 छात्र-छात्राएं पास हुई। हाईस्कूल बोर्ड की मेरिट सूची में जिले से इस बार 16 छात्र-छात्राओं ने जगह बनाई। इसी तरह से इंटर की बोर्ड परीक्षा का परिणाम 83.92 फीसदी रहा। इस परीक्षा में कुल 6862 परीक्षार्थी पास हुए है। जिसमें से प्रथम श्रेणी से 419 ने परीक्षा पास की। इंटर की परीक्षा में प्रदेश सूची में 15 परीक्षार्थियों ने जगह बनाई। बीते साल की इंटर बोर्ड की परीक्षा के परिणामों के लिहाज से इस बार परीक्षा परिणाम में सुधार हुआ है। हालांकि हाईस्कूल बोर्ड में जिले का परिणाम पिछले साल से कुछ कम रहा है।
सीईओ ने मेरिट में आए सभी छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों को भी बधाइयां दी। कहा कि छात्र-छात्राओं ने मेरिट में स्थान बनाते हुए पौड़ी जिले का नाम भी रोशन किया है। सीईओ ने कहा कि जो स्कूल परीक्षा परिणाम में इस बार किन्हीं कारणों से पिछड़ गए है वहां के परिणामों में सुधार के लिए कदम उठाएं जाएंगे।

