
पौड़ी(आरएनएस)। पौड़ी महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या संस्कृति विभाग देहरादून के सांस्कृतिक दल संदेश कला सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों की नाम रही। सांस्कृतिक दल के संजय सिंह रावत ने स्वरचित गीतों के माध्यम दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। संजय सिंह ने उत्तराखंड के संस्कृति के अनुरूप और वर्तमान में सांस्कृतिक गीतों में पश्चिमी संगीत के मिश्रण से बेडू पाको बारामासा रीमिक्स का बेहतरीन प्रदर्शन कर खूब ताली बटोरी। उनके गीत कन जमानु एगे मॉर्डन जमानु दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया। राजेंद्र रौथाण और शिवांगी घिल्डियाल ने पारंपरिक लोकगाथा पर गाए लोक गीत ए जाणु रुक्मा मेरा मलेथा की बेहतरीन प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक दल के कलाकारों ने गढ़वाली और कुमाउनी नृत्य भी प्रस्तुत किए। संगीत पक्ष में कीबोर्ड पर दीपक पंवार, ढोलक पर पुनीत थापा, तबले पर सुधांशु बिष्ट, ऑक्टोपैड पर आयुष, हुड़के पर ऋषि ध्यानी और हारमोनियम पर राजेंद्र रौठान ने संगत दी। नृत्य पक्ष में अजेश डबराल, रोहित सिड़, मोहित चंद्र, प्रियंका, निकिता और मोनिका शामिल रही। इससे पूर्व मुख्य अतिथि पूर्व आईएस सुंदर लाल मुयाल ने महोत्सव के आयोजन को लेकर व्यापार सभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि पौड़ी में सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां होती रहनी चाहिए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने आयोजन में एक साथ मिलकर सभी से सहयोग की अपील की। इस मौके पर व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रवीण असवाल, सचिव देवेंद्र रावत, सांस्कृतिक संयोजक मनोज रावत, प्रवीण नेगी, पारस नेगी, अरविंद रावत, अनूप कंडारी, देवेंद्र साहू, पारस नेगी, संजय वर्मा, राहत हुसैन आदि मौजूद थे। संचालन वीरेंद्र खंकरियाल ने किया।

