
चम्पावत(आरएनएस)। बंदीगृह से फरार हुआ आरोपी शंकर लाल पहले से छिपाई पिस्टल और रुपये लेने रीठासाहिब गया था। ये दावा चम्पावत पुलिस ने किया है। पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म का आरोप लगने से पूर्व आरोपी रीठासाहिब क्षेत्र में ही काम करता था। पुलिस ने बंदीगृह से भागे आरोपी शंकर लाल चौधरी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से अवैध देसी पिस्टल, एक जिंदा व कारतूस के दो खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से कुछ नगदी भी बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने से पूर्व आरोपी ने पुलिस टीम पर देसी पिस्टल से फायरिंग भी की। जवाबी फायरिंग के बाद पुलिस ने उसे भागते हुए दबोच लिया। इस दौरान आरोपी शंकर को कुछ चोटें भी आई हैं। पुलिस के अनुसार दुष्कर्म में मामला दर्ज होने से पूर्व आरोपी शंकर रीठासाहिब क्षेत्र में ही काम करता था। बिनवालगांव में अपने किराए के कमरे में उसने देसी पिस्टल और रुपये छिपाए थे। बंदीगृह से फरार होने के बाद आरोपी शंकर पिस्टल व रुपये लेने गया था। यहां से वह नेपाल जाने की फिराक में था। लेकिन उससे पहले पुलिस ने उसे दबोच लिया।

