
अल्मोड़ा। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र राजगुरु द्वारा जनपद के समस्त सीओ/थाना प्रभारियों को फरार/वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाकर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये हैं। कोतवाली अल्मोड़ा में दर्ज़ एफआईआर संख्या 73/2021, धारा 26 वन अधिनियम से सम्बन्धित अभियुक्त धन सिंह उर्फ धनेश लगातार फरार चल रहा था। सीओ अल्मोड़ा विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा अरुण कुमार के नेतृत्व में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा ठोस खोजबीन और सूचना संकलन कर साईबर सेल अल्मोड़ा की सहायता से अथक प्रयासों के उपरांत वांछित अभियुक्त धन सिंह उर्फ धनेश पुत्र तेज सिंह निवासी-वेडचुला, थाना मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल को जागेश्वर क्षेत्र से गिरफ्तार कर पंजीकृत अभियोग में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई है। यहाँ पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेचक धारानौला चौकी प्रभारी दिनेश सिंह परिहार, कांस्टेबल हिमांशु, चौकी धारानौला से और कांस्टेबल बलवंत प्रसाद व इंदर कुमार, साईबर सेल अल्मोड़ा से शामिल रहे।

