
अल्मोड़ा। राज्य सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनपद में तीन न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक सीधे पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। विकासखंड ताकुला की भैंसडगांव, ताड़ीखेत की पंतकोटूली और सल्ट की मछोड़ न्याय पंचायत में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे लोगों में संतोष देखा गया। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के शिविरों के जरिए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा और आमजन की समस्याओं का त्वरित तथा पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

