
देहरादून। भू- कानून और स्थाई राजधानी बनाने की मांग को लेकर आंदोलनकारी 27 नवंबर से गैरसैंण में धरना देंगे। 28 नवंबर से होने वाले दो दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान आंदोलनकारी प्रदर्शन करेंगे। भू-कानून की मांग पूरी न होने पर 10 दिसंबर से आंदोलन यात्रा निकाली जाएगी। प्रेस क्लब में मंगलवार को पत्रकार वार्ता करते हुए आंदोलनकारी प्रभात कुमार ने कहा कि यदि सरकार भू- कानून लेकर आएगी तो सरकार का सम्मान किया जाएगा। अन्यथा आंदोलन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास से शुरू कर उत्तराखंड के 13 जिलों को होते हुए 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास पर समाप्त होगी। बताया कि यात्रा मुख्यमत्री आवास से कुल्हान, चकराता, उत्तरकाशी, पौड़ी, देवप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावट, हल्द्वानी और हरिद्वार होते हुए देहरादून सीएम आवास में ही समाप्त होगी। प्रेस वार्ता करने वालों में पूजा चमोली, प्रवीण काशी, आशीष नौटियाल और अरविंद अटवाल शामिल रहे।

