
विकासनगर(आरएनएस)। शहीद सुरेश तोमर मार्ग गास्की पिछले चार दिनों से बंद पड़ा हुआ है। इससे ग्रामीणों की सब्जियां मंडी तक नहीं पहुंच पा रही है। सड़क को खुलवाने के लिए मंगलवार को ग्रामीण एसडीएम कार्यालय कालसी पहुचे। ग्रामीणों ने तत्काल इस मार्ग को खुलवाने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान दीपा तोमर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कहा कि बीती 26 जुलाई को भारी बारिश के कारण गास्की मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों की आजीविका का साधन सब्जियां विकासनगर मंडी तक नहीं पहुंच पा रही हैं। सब्जियों को मंडी पहुंचाने के लिए अधिक किराया भाड़ा देना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने के कारण बीमार लोग भी समय से उपचार के लिए अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं। कहा कि सड़क पर जो स्क्रबर बने हुए हैं, वह बंद पड़े हुए हैं। इससे बारिश का पानी सड़क पर ही बह रहा है। साथ ही इस दौरान उन्होंने मार्ग बनने से प्रभावित लोगों को अभी तक मुआवजा न मिलने की बात भी एसडीएम कालसी के सामने रखी। एसडीएम कालसी योगेश मेहरा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सड़क को यातायात के लिए खुलवा दिया जाएगा। इस दौरान बलदेव सिंह, राकेश उत्तराखंडी, अर्जुन सिंह, जयबीर सिंह, रोहित, सुमित तोमर आदि मौजूद रहे।


