
पौड़ी। नाई द्वारा युवक पर कैंची से हमले की घटना के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय में बाजार पूरी तरह बंद रहा। स्थानीय व्यापारियों के आह्वान पर दुकानों के शटर बंद रहे और पूरे नगर क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा।
घटना के विरोध में महिलाओं ने शहर में रैली निकालकर आक्रोश जताया। रैली बस अड्डे से शुरू होकर माल रोड, एजेंसी चौक, अपर बाजार, लोअर बाजार और धारा रोड होते हुए पुनः बस अड्डे पर समाप्त हुई। इस दौरान वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को पुराने जेल गदेरे के पास एक मामूली विवाद के बाद नाई ने युवक पर कैंची से हमला कर दिया था, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना के बाद कुछ लोगों ने नाई की दुकान में तोड़फोड़ भी की थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रैली और बाजार बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा। विभिन्न स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई और अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच बाजार बंद के बावजूद एक शराब की दुकान खुली रहने पर महिलाओं में आक्रोश फैल गया। विरोध के बाद दुकान संचालकों को दुकान बंद करनी पड़ी। महिलाओं ने शराब की दुकान को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई।

