
हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच हरिद्वार में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा के दौरान कांग्रेस के दो नेता आपस में भिड़ गए। तीखी कहासुनी के बाद मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने दोनों को अलग कराया।
जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान लालढांग क्षेत्र के पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी और रुड़की क्षेत्र के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई और हाथापाई होने लगी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
गुरजीत लहरी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर की गई टिप्पणी से हुई। लहरी ने टिप्पणी पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा पदाधिकारियों का सम्मान करना चाहिए और व्यक्तिगत मतभेदों को सार्वजनिक मंच पर नहीं लाना चाहिए।
वहीं, जितेंद्र पंवार ने पूरे मामले में किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया है। कांग्रेस देशभर में SIR के विरोध में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चला रही है। उत्तराखंड में भी पार्टी की ओर से विभिन्न जिलों में प्रदर्शन और यात्राएं निकाली जा रही हैं। हरिद्वार में इसी कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद सामने आने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

