

अल्मोड़ा। विश्व डाक दिवस के अवसर पर भारतीय डाक विभाग की ओर से 9 से 15 अक्टूबर तक डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान अल्मोड़ा डाक मंडल में जनजागरूकता और ग्राहक-केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से लोगों को डाक सेवाओं, बचत योजनाओं, बीमा योजनाओं और अन्य जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। डाक सप्ताह के दौरान सभी डाकघरों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता, आधार शिविर और डाक चौपालें लगाई जाएंगी। डाक चौपालों के माध्यम से आमजन को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विभाग की ओर से ग्राहकों के साथ गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें ग्राहकों के सुझावों, जरूरतों और समस्याओं पर चर्चा कर सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया जाएगा। वहीं, आधार शिविरों के माध्यम से लोगों को स्थानीय स्तर पर आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। डाक विभाग के अनुसार, डाक सप्ताह का उद्देश्य नागरिकों और व्यवसायियों के दैनिक जीवन में डाक सेवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक, आर्थिक और वैश्विक विकास में डाक विभाग के योगदान को रेखांकित करना है। संचार सेवाओं के साथ बचत और बीमा योजनाओं सहित विभिन्न जनोपयोगी सेवाओं के माध्यम से विभाग आमजन तक अपनी पहुंच बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।



